
खाद्य सुरक्षा विभाग और सरस डेयरी (भरतपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ) की संयुक्त टीम ने सारस चौराहा स्थित श्री जी सुपर मार्केट मॉल पर कार्रवाई करते हुए नकली घी के पैकेट जब्त किए है।प्राप्त जानकारी अनुसार सरस डेयरी के एमडी राजेश नारायण को सूचना मिली थी कि मॉल में सरस के नाम से नकली घी बेचा जा रहा है, इसकी पुष्टि के लिए डेयरी की ओर से एक व्यक्ति को मॉल भेजकर घी का पैकेट मंगवाया गया था। जब उस पैकेट की असली सरस घी से तुलना की गई तो अंतर सामने आया और नकली होने की पुष्टि हुई, इसके बाद मामले की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग को दी गई। प्राप्त जानकारी अनुसार खाद्य विभाग और सरस डेयरी की टीम ने संयुक्त रूप से मॉल पर छापामार कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान 1-1 किलो के 20 पैकेट और 500-500 ग्राम के 6 पैकेट बरामद कर जब्त किए गए है। फिलहाल टीम इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली घी कहां तैयार हो रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
